भगवती नगर महिला कॉलेज भवन में देरी पर उठे सवाल, जवाबदेही तय करने की मांग

 


जम्मू, 08 जुलाई (हि.स.)। जम्मू पश्चिम के विधायक अरविंद गुप्ता ने भगवती नगर स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज (महिला) भवन के निर्माण कार्य में हो रही लंबी देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों और कार्यदायी एजेंसियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। परियोजना स्थल का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में शुरू हुआ निर्माण कार्य दिसंबर 2023 तक पूरा होना था लेकिन तय समयसीमा बीत जाने के बावजूद अब तक केवल 35 से 40 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया है।

विधायक ने कहा कि भवन के अधूरा रहने से कॉलेज को पर्याप्त कक्षाओं, कंप्यूटर प्रयोगशालाओं और स्मार्ट क्लासरूम जैसी आवश्यक सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ रहा है जिसका सीधा असर छात्राओं की पढ़ाई और शैक्षणिक माहौल पर पड़ रहा है। उन्होंने इसे उच्च शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना में गंभीर देरी बताते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने परियोजना के वित्तीय प्रबंधन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बीईएएमएस रिपोर्ट के अनुसार हाउसिंग बोर्ड को 8.20 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं जबकि उपयोगिता प्रमाणपत्र में 5.11 करोड़ रुपये खर्च दर्शाए गए हैं। उन्होंने जारी और व्यय की गई राशि के बीच अंतर का स्पष्ट विवरण सार्वजनिक करने तथा अप्रयुक्त धनराशि होने पर उसे नियमानुसार वापस करने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री, हाउसिंग बोर्ड के प्रबंध निदेशक और संबंधित अधिकारियों से परियोजना में व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि कार्यदायी एजेंसियां लगातार समयसीमा का पालन करने में विफल रहती हैं तो जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जानी चाहिए।

विधायक ने सरकार से परियोजना में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने, जारी धनराशि का वित्तीय मिलान कराने और निर्माण कार्य की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्राओं को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए और इस परियोजना को शीघ्र पूरा किया जाना आवश्यक है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा