जम्मू में ग्रामीण व धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर चर्चा

 

जम्मू,, 22 जून (हि.स.)।

जम्मू में ग्रामीण एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने को लेकर श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ने संयुक्त निदेशक पर्यटन, जम्मू ऐजाज कैसर से महत्वपूर्ण भेंट की। इस दौरान जम्मू-कश्मीर में ग्रामीण पर्यटन, धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और स्थानीय युवाओं के रोजगार सृजन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक आस्था का केंद्र है, लेकिन कई महत्वपूर्ण स्थल अभी भी पर्यटन मानचित्र से दूर हैं, जिन्हें विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने विशेष रूप से श्री बावा कैलख देव मंदिर, श्री शोवा माता मंदिर, बाबा बल्लो देव स्थान और भगवान परशुराम मंदिर जैसे स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर शामिल करने की मांग उठाई।

वहीं संयुक्त निदेशक पर्यटन ऐजाज कैसर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर अब एक सुरक्षित और तेजी से उभरता पर्यटन गंतव्य बन चुका है और फिल्म नीति के चलते यहां फिल्म निर्माण एवं पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि धार्मिक और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने वाले सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और इन्हें सरकार के समक्ष रखा जाएगा। बैठक में यह भी माना गया कि इन स्थलों के विकास से न केवल सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में भी वृद्धि होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता