पुरमंडल डिग्री कॉलेज की बस बडगाम भेजने की कथित तैयारी का ग्रामीणों और छात्रों ने किया विरोध

 

जम्मू,, 05 नवंबर (हि.स.)।

सरकारी डिग्री कॉलेज पुरमंडल के लिए खरीदी गई बस को दूसरे कॉलेज में भेजने की कथित तैयारी को लेकर स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

जानकारी के मुताबिक विद्यार्थियों को यातायात सुविधा देने के लिए खरीदी गई बस को बडगाम जिले के मॉडर्न गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज चरार-ए-शरीफ भेजे जाने की सूचना सामने आई है। इसके बाद पुरमंडल और आसपास के गांवों के लोगों ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया है। ग्रामीणों का कहना है कि कॉलेज के विद्यार्थी पिछले एक साल से बस सेवा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं लेकिन अब बस को दूसरी जगह भेजने की बात सामने आ रही है। पूर्व सरपंच जोगिंदर शर्मा, अनिल शर्मा, सपना सपोलिया, गोपाल शर्मा, अंकुश कुमार और सुनील कुमार सहित स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों ने कॉलेज की प्रिंसिपल को लिखित आपत्ति पत्र सौंपा है। उन्होंने मांग की है कि बस को पुरमंडल कॉलेज में ही रखा जाए और विद्यार्थियों के लिए जल्द से जल्द परिवहन सेवा शुरू की जाए। फिलहाल बस के स्थानांतरण को लेकर किसी अंतिम सरकारी आदेश की पुष्टि नहीं हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता