दिलवां में जन शिकायत निवारण शिविर, समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

 


कठुआ, 06 मई (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ द्वारा बुधवार को ब्लॉक कठुआ के पंचायत घर दिलवां में जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और आम जनता ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं।

इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। ग्रामीणों ने विशेष रूप से बाढ़ से हुए नुकसान, पेयजल आपूर्ति, सड़क संपर्क, स्कूल भवनों की मरम्मत सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं। कार्यक्रम में विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण ने प्रशासन के राहत एवं पुनर्स्थापन कार्यों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि सभी वास्तविक समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सड़कों और जलापूर्ति की स्थायी बहाली के प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजे जा चुके हैं। साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को सीडीएफ के तहत आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए गए।

उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने प्रशासन की जन-केन्द्रित और पारदर्शी कार्यप्रणाली को दोहराते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिशन युवा और लेबर कार्ड योजनाओं का लाभ उठाने के लिए युवाओं और श्रमिकों को प्रेरित किया। शिविर के दौरान “नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर” अभियान के तहत शपथ भी दिलाई गई जिसमें नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया