पुरमंडल में कथित पशु तस्करी के विरोध में लोगों का प्रदर्शन
जम्मू,, 02 अगस्त (हि.स.)।
पुरमंडल क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों के दौरान लगातार सामने आ रही कथित पशु तस्करी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। इसी के विरोध में ने पुरमंडल बस स्टैंड पर एकत्र होकर पुलिस एवं प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई और क्षेत्र में बढ़ रही गौ तस्करी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि क्षेत्र में एक के बाद एक पशु तस्करी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। उनका आरोप है कि इन घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण तस्करों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए तथा संवेदनशील मार्गों और प्रमुख चौक-चौराहों पर नियमित नाकेबंदी की जाए, ताकि पशु तस्करी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने यह भी मांग की कि रात के समय विशेष निगरानी रखी जाए और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जाए। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि पशु तस्करी की घटनाओं पर जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो उन्हें मजबूर होकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करना पड़ेगा और सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना होगा। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, पशु तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा आम लोगों की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता