दो यूएपीए आरोपियों की लगभग 1 करोड़ रुपये की संपत्ति को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में कुर्क करने के लिए किया चिन्हित

 


श्रीनगर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में रह रहे दो यूएपीए आरोपियों की लगभग 1 करोड़ रुपये की संपत्ति को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में कुर्क करने के लिए चिन्हित किया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि यह कार्रवाई हंडवाडा पुलिस द्वारा लंगेट के कोहरू और उदीपोरा गांवों में स्थित अचल संपत्तियों के खिलाफ हंडवारा पुलिस स्टेशन में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज मामला संख्या 198/2003 की जांच के सिलसिले में शुरू की गई है।

उन्होंने बताया कि इनमें से एक संपत्ति कोहरू, लंगेट निवासी फैयाज अहमद भट की है जो वर्तमान में पीओजेके के मुजफ्फरबाद में रह रहा है।

प्रवक्ता ने आगे बताया कि कुर्क करने के लिए चिन्हित संपत्ति में कोहरू, लंगेट में स्थित 1 कनाल और 2 मरला जमीन शामिल है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दूसरी संपत्ति उदीपोरा, लंगेट निवासी मंजूर अहमद लोन की है जो वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के बसनादा में रह रहा है। उन्होंने बताया कि यह संपत्ति उदीपोरा, लंगेट में स्थित 7 कनाल और 11 मरला जमीन की है।

प्रवक्ता ने बताया कि दोनों संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 1 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि मामले में चल रही कानूनी कार्यवाही के तहत सक्षम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई शुरू की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता