उधमपुर में मादक पदार्थों के तस्करों से जुड़ी 73 लाख रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त

 

जम्मू, 27 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के डोडा और कठुआ जिलों में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए गहन अभियान के दौरान छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने प्रतिबंधित पदार्थ और 23 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है।

पुलिस ने बताया कि इसी के समानांतर कार्रवाई करते हुए उधमपुर जिले में मादक पदार्थों के तस्करों से जुड़ी 73 लाख रुपये से अधिक की संपत्तियों को संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है।

डोडा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहम्मद असलम ने बताया कि रविवार शाम को डोडा के डाक मोहल्ले स्थित एक घर पर छापेमारी के दौरान 85 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर और 23 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद होने के बाद एक महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। उन्होंने बताया कि जरीना बेगम मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्तता की सूचना मिलने के बाद से पुलिस की निगरानी में थी।

अधिकारियों ने बताया कि जरीना के अलावा छापेमारी के दौरान उसकी बेटी और दामाद को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। असलम ने कहा कि हमने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उनकी भूमिका की जांच की जा रही है और उसके आधार पर गिरफ्तारियां की जाएंगी और हम अन्य संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी जारी रखे हुए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कठुआ जिले में अलग-अलग स्थानों से तीन नशीले पदार्थ तस्करों हीरानगर के प्रदीप सिंह, बिलावर के रहीस बट और अमृतसर (पंजाब) के अली सेन को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदीप सिंह से 2.79 ग्राम हेरोइन और बट से 2.66 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसी तरह सेन से 303 ग्राम हेरोइन जब्त की गई, जिसे जम्मू-पठानकोट राजमार्ग पर भगथली से मगर खड्ड की ओर निजी कार में जाते समय बेरियन-पट्टन गांव के पास रोका गया था। प्रवक्ता ने बताया कि तीनों पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

उधमपुर में प्रवक्ता ने बताया कि मादक औषधि एवं मनोविकारकारी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दर्ज दो अलग-अलग मामलों में 73 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। उन्होंने बताया कि जब्त की गई संपत्तियों में एक नवनिर्मित आवासीय मकान, एक कार, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत 65 लाख रुपये है। ये संपत्तियां सैफ अली की हैं जिसे इस साल की शुरुआत में मजालता इलाके में एनडीपीएस मामले में बुक किया गया था।

प्रवक्ता ने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में डोडा निवासी दानिश बट की 8 लाख रुपये की चल संपत्ति जिसमें एक कार भी शामिल है को रेहंबल पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के संबंध में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68(एफ) के तहत जब्त किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता