नशा मुक्त अभियान को बढ़ावा-डीसी कठुआ ने क्रिकेट लीग की ट्रॉफी व टीम किट का किया अनावरण
कठुआ, 13 जुलाई (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ द्वारा नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत आयोजित की जा रही कठुआ क्रिकेट लीग के ग्रुप स्टेज की औपचारिक शुरुआत सोमवार को हुई।
इस अवसर पर उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने 12 क्वालिफाई टीमों के लिए ट्रॉफी और रंग-बिरंगी किट का अनावरण किया।
अनावरण समारोह के दौरान उपायुक्त ने सभी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस लीग का उद्देश्य युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना है। ग्रुप स्टेज में 12 टीमें टी-20 प्रारूप में सफेद गेंद से मुकाबले खेलेंगी जिससे प्रतियोगिता में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का स्तर और बढ़ेगा। उपायुक्त ने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का एक सशक्त माध्यम है जो उनमें टीम वर्क, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करता है।
उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में और अधिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी तथा इसमें बेटियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी ताकि जिले में समावेशी खेल संस्कृति को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे नशा मुक्त अभियान के ब्रांड एंबेसडर बनकर अन्य युवाओं को भी स्वस्थ और नशा मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें। इस मौके पर प्रोग्राम ऑफिसर आईसीडीएस मोहम्मद सईद, चीफ प्लानिंग ऑफिसर रणजीत ठाकुर, जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी सुनील कुमार, जिला सूचना अधिकारी राजिंदर डिगरा सहित 12 टीमों के कप्तान भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया