महिला दिवस पर जीडीसी बसोहली में कार्यक्रम, डोगरी कविता और विचारों से गूंजा परिसर
कठुआ/बसोहली, 07 मार्च (हि.स.)। सरकारी डिग्री कॉलेज बसोहली में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज प्राचार्य प्रो. राजकिरण शर्मा और अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ललिता शर्मा (सेवानिवृत्त जेडईओ) रहीं, जिन्हें कॉलेज की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं दिव्या ठाकुर और कामना शर्मा ने महिला उपलब्धियों और लैंगिक समानता पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं प्रो. देविंदर कुमार, विभागाध्यक्ष हिंदी ने सामाजिक असमानता पर आधारित एक भावपूर्ण डोगरी कविता सुनाकर सभी को प्रभावित किया। मुख्य अतिथि ललिता शर्मा और प्राचार्य प्रो. राजकिरण शर्मा ने भी महिलाओं की भूमिका, सशक्तिकरण और चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. उजाला देवी (विभागाध्यक्ष अंग्रेजी) ने किया, जबकि अंत में प्रो. देविंदर कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया