जम्मू में निजी स्कूलों की बैठक, एफिलिएशन प्रक्रिया में देरी पर नाराजगी
जम्मू,, 25 जून (हि.स.)।
जम्मू संभाग के निजी स्कूलों के संगठन की एक बैठक अध्यक्ष कमल गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई जिसमें स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा निजी स्कूलों को संबद्धता और मान्यता देने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में महासचिव सतपाल मनसोट्रा ने छोटे निजी स्कूलों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि सरकार द्वारा लगाए गए नियम कई मामलों में असमान, अनुचित और भेदभावपूर्ण हैं जिससे सीमित संसाधनों वाले स्कूलों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
संघ के सदस्यों ने आरोप लगाया कि मान्यता और एफिलिएशन की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी नहीं की जा रही है और संबंधित विभागों द्वारा अनावश्यक देरी की जा रही है। अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि संयुक्त पोर्टल पिछले चार महीनों से काम नहीं कर रहा है जबकि जेकेबोस ने 30 जून 2026 तक सभी फाइलें और शुल्क ऑनलाइन जमा करने की अंतिम तिथि तय की है जिससे निजी स्कूलों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
उन्होंने इसे सिस्टम में खामी बताते हुए कहा कि इससे निजी स्कूलों को अनावश्यक लेट फीस का सामना करना पड़ सकता है। बैठक में मांग की गई कि संयुक्त पोर्टल को तुरंत बहाल किया जाए, अंतिम तिथि को बढ़ाया जाए और लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फिक्सेशन एवं रेगुलेशन कमेटी के अध्यक्ष की नियुक्ति की जाए।
सदस्यों ने यह भी मांग की कि सभी एनओसी और संबद्धता प्रक्रिया को जम्मू-कश्मीर पब्लिक सर्विसेज गारंटी एक्ट के तहत समयबद्ध और ऑनलाइन तरीके से पूरा किया जाए ताकि निजी स्कूलों को राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता