खौर ब्लॉक में प्रधान सचिव गृह विभाग ने वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम की समीक्षा की

 

जम्मू,, 16 जुलाई (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर सरकार के गृह विभाग के प्रधान सचिव चंद्राकर भारती (आईएएस) ने अतिरिक्त उपायुक्त जम्मू विदुर शेखर (आईएएस), एसडीएम खौर तथा जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों के साथ खौर ब्लॉक का दौरा कर वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।

दौरे के दौरान अधिकारियों ने पंचायत नारायणा अपर, नारायणा लोअर, कोट मैरा लोअर और कोट मैरा पहाड़ीवाला अपर के अंतर्गत आने वाले गांवों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क संपर्क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों का जायजा लिया गया।

पंचायत कोट मैरा लोअर में आयोजित ग्राम सभा में सरपंचों, पंचों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा बुनियादी सुविधाओं, रोजगार और सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखा। प्रधान सचिव ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

बैठक के दौरान वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत केंद्र और केंद्र शासित प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की गई।

प्रधान सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए और विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

उन्होंने एडीसी जम्मू, एसडीएम खौर, बीडीओ खौर और अन्य अधिकारियों को नियमित निगरानी, पारदर्शिता बनाए रखने तथा पंचायती राज संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि नारायणा अपर, नारायणा लोअर, कोट मैरा लोअर और कोट मैरा पहाड़ीवाला अपर में लंबित विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने नियमित ग्राम सभाएं आयोजित करने, युवाओं के रोजगार, पर्यटन की संभावनाओं और सरकारी सेवाओं के डिजिटलीकरण पर विशेष ध्यान देने पर भी जोर दिया।

दौरे के अंत में ब्लॉक स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसमें विभिन्न विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए कार्ययोजना तय की गई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन के इस दौरे का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता