सैनिक स्कूल नगरोटा ने जीती रक्षा मंत्री ट्रॉफी, एनडीए में सर्वाधिक कैडेट भेजने पर 17 साल बाद मिला प्रतिष्ठित सम्मान

 


जम्मू, 07 मई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के सैनिक स्कूल नगरोटा ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रतिष्ठित “रक्षा मंत्री ट्रॉफी-2025” अपने नाम की है। यह ट्रॉफी एनडीए 154 कोर्स में सबसे अधिक प्रतिशत में कैडेट्स को नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) भेजने के लिए प्रदान की गई। यह प्रतिष्ठित सम्मान सैनिक स्कूल नगरोटा के प्रिंसिपल कैप्टन (आईएन) शिबु देवासिया को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने 7 मई को केरल के सैनिक स्कूल कझाकूट्टम में आयोजित ऑल इंडिया प्रिंसिपल्स कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदान किया। गौरतलब है कि इससे पहले स्कूल को यह सम्मान वर्ष 2009 में मिला था। लगभग 17 वर्षों बाद दोबारा यह ट्रॉफी हासिल करना संस्थान के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।

एनडीए 154 कोर्स में स्कूल का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। कुल 35 कैडेट्स ने यूपीएससी एनडीए लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की, जिनमें से 11 कैडेट्स ने एसएसबी इंटरव्यू भी सफलतापूर्वक पास किया और अखिल भारतीय रैंकिंग में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किए। प्रमुख सफल कैडेट्स में इखलाक हसन (एआईआर 50), हुसैनिन (एआईआर 145), प्रणव शर्मा (एआईआर 150), आदित्य कुमार सिंह (एआईआर 239), पृथ्वी राज संब्याल (एआईआर 268), दिव्यांश भारद्वाज (एआईआर 292), पीयूष शर्मा (एआईआर 374) और यासिर मुख्तार वानी (एआईआर 432) शामिल हैं। ये सभी कैडेट्स अब खड़कवासला स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी में शामिल हो चुके हैं।

स्कूल ने आगे भी अपनी शानदार परंपरा को जारी रखते हुए एनडीए 155 कोर्स में दो कैडेट्स भेजे हैं, जबकि छह अन्य कैडेट्स जल्द ही एनडीए 156 कोर्स में शामिल होने वाले हैं। इस अवसर पर प्रिंसिपल कैप्टन शिबु देवासिया ने कैडेट्स, शिक्षकों और अभिभावकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता स्कूल के अनुशासन, नेतृत्व और देशभक्ति जैसे मूल्यों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल नगरोटा जम्मू-कश्मीर के युवाओं को देश सेवा के लिए तैयार करने में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा