बसोहली महोत्सव की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, एडीसी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
बसोहली, 28 सितंबर (हि.स.)। 19 से 21 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय बसोहली महोत्सव को लेकर स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में एडीसी बसोहली पंकज भगोत्रा ने विभिन्न आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
एडीसी ने रामलीला मैदान में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद ऐतिहासिक किले के भीतर स्थित पार्क में सुविधाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार एस एन शान को सौंपी। रानी तालाब के निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग के एईई को दो दिन के भीतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बस स्टैंड के पास जंज घर और तक्साल वाली पहाड़ी के नीचे स्थित ऐतिहासिक स्मारक के आसपास सफाई कर बच्चों के लिए झूले लगाने की व्यवस्था करने को कहा। बस स्टैंड के पास निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण करते हुए पीडब्ल्यूडी के एईई को कार्य 10 दिन में पूरा करने के निर्देश दिए।
एडीसी ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, सैनिक सराय, ओबीसी हॉस्टल, जवाहर नवोदय विद्यालय, जीडीसी के समीप हॉस्टल और वाटर स्पोर्ट्स सेंटर का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ बीबीडीए बाबू राम, तहसीलदार सागर विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया