जम्मू में मखाना खेती को बढ़ावा देने की तैयारी, किसानों के लिए होंगे एक्सपोजर विजिट

 


जम्मू, 29 जुलाई (हि.स.)। बाबा जित्तो किसान केंद्र, तालाब तिल्लो में आयोजित मखाना खेती पर दो दिवसीय सेमिनार का बुधवार को समापन हुआ। संयुक्त कृषि निदेशालय (प्रसार), जम्मू द्वारा आयोजित कार्यक्रम के समापन सत्र में कृषि निदेशक जम्मू एवं जम्मू-कश्मीर में मखाना खेती के नोडल अधिकारी अनिल गुप्ता मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने मखाना को जम्मू-कश्मीर में उच्च मूल्य वाली फसल के रूप में विकसित करने की दिशा में सेमिनार को महत्वपूर्ण पहल बताया। अनिल गुप्ता ने आईसीएआर–मखाना अनुसंधान केंद्र, दरभंगा (बिहार) के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. इंदु शेखर सिंह द्वारा वैज्ञानिक मखाना खेती, उत्पादन तकनीक, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन पर दी गई जानकारी की सराहना की। उन्होंने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) बांदीपोरा में मखाना की सफल प्रदर्शन परियोजना से उत्साहजनक परिणाम मिले हैं और इसके आधार पर जल्द ही जम्मू संभाग के उपयुक्त क्षेत्रों में मखाना की खेती शुरू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने मखाना विकास के लिए केंद्रीय क्षेत्र योजना को मंजूरी दी है जिससे इस फसल को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा मिल रहा है। उनके अनुसार जम्मू-कश्मीर, विशेषकर जम्मू संभाग में मखाना उत्पादन की पर्याप्त संभावनाएं हैं और यह किसानों के लिए फसल विविधीकरण का लाभकारी विकल्प बन सकता है। कृषि निदेशक ने कहा कि केवल सेमिनार आयोजित करना पर्याप्त नहीं होगा। विभाग जल्द ही किसानों और कृषि अधिकारियों के लिए मखाना उत्पादक क्षेत्रों के एक्सपोजर विजिट आयोजित करेगा ताकि वे वैज्ञानिक खेती, प्रसंस्करण और आधुनिक उत्पादन तकनीकों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त कर सकें और उन्हें जम्मू संभाग में लागू किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान मखाना के प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और विपणन पर कार्य कर रही युवा कृषि उद्यमी डायना फोटर ने अपने स्टार्टअप की जानकारी साझा की। अनिल गुप्ता ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कृषि आधारित नवाचार और स्टार्टअप को विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इससे पहले संयुक्त कृषि निदेशक (प्रसार) इदरीस बशीर अहमद ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए वैज्ञानिक जानकारी और क्षमता निर्माण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने जम्मू, सांबा और कठुआ जिलों से आए किसानों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें मखाना खेती को अपने क्षेत्रों में बढ़ावा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन कृषि प्रसार सहायक वीणा वजीर ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा