परशुराम जयंती महोत्सव की तैयारियां तेज, शिव नगर में हुई बैठक
कठुआ, 01 अप्रैल (हि.स.)। आगामी परशुराम जयंती महोत्सव को लेकर श्री ब्राह्मण सभा कठुआ ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शिव नगर स्थित मंदिर में सभा के अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें महोत्सव को भव्य और सफल बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मौजूद सदस्यों और स्थानीय लोगों ने परशुराम जयंती को धूमधाम से मनाने के लिए अपने-अपने सुझाव रखे। इस दौरान महिला विंग की उपाध्यक्ष शोभा रानी, मंदिर के सदस्य हरबंस लाल सहित शिव नगर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता ने बताया कि महोत्सव को लेकर कठुआ शहर और आसपास के गांवों में लगातार बैठकें की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे बढ़-चढ़कर इस धार्मिक आयोजन में हिस्सा लें और इसके प्रचार-प्रसार में सहयोग करें। उन्होंने जानकारी दी कि परंपरा के अनुसार परशुराम जयंती से सात दिन पहले भागवत सप्ताह का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद जयंती के दिन भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शोभा यात्रा को भव्य रूप देने के लिए सभी से सहयोग और सहभागिता की अपील की गई। बैठक में श्री ब्राह्मण सभा के सदस्य अनिल भारद्वाज, बालकृष्ण शर्मा, सुनील शर्मा सहित कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया