पंचायत ई-रोल 2026 संशोधन की तैयारियां तेज, डीसी कठुआ ने की समीक्षा बैठक

 


कठुआ, 23 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने सोमवार को पंचायत ई-रोल 2026 के समरी रिवीजन को लेकर सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में चुनावी तैयारियों, व्यवस्थाओं और दिशा-निर्देशों के पालन पर विस्तृत चर्चा की गई।

डीसी ने मतदाता सूचियों में शुद्धता, पारदर्शिता और समावेशिता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा निर्धारित समय सीमा में नियमों के अनुसार किया जाए। उन्होंने नए और छूटे हुए मतदाताओं को सूची में शामिल करने तथा डुप्लीकेट नाम हटाने के निर्देश दिए। बैठक में मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं, दस्तावेजों के सत्यापन और स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। डीसी ने घर-घर सर्वे कर मतदाता सूची को अपडेट करने और विशेष निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों की भूमिका मजबूत करने के निर्देश दिए। जनभागीदारी बढ़ाने के लिए शनिवार और रविवार को विशेष कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में डिप्टी डीईओ नगेश सिंह, एसीपी अजीत कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया