भगवान परशुराम जयंती की तैयारियां तेज, हटली में ब्राह्मण सभा की बैठक
कठुआ, 23 मार्च (हि.स.)। भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर ब्राह्मण सभा कठुआ ने गांव-गांव बैठकों का सिलसिला तेज कर दिया है। इसी क्रम में हटली गांव में ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में आगामी जन्मोत्सव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई और गांववासियों से कठुआ में निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई। अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता ने कहा कि यह पर्व समाज की एकता और परंपरा का प्रतीक है, जिसे पूरे उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए। इस दौरान गांववासियों ने सुरेंद्र मेहता का ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गांव पहुंचने पर पगड़ी पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया