जनगणना-2027 की तैयारी तेज, कठुआ में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

 


कठुआ, 16 मार्च (हि.स.)। आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन कठुआ ने सोमवार को डीसी ऑफिस कॉम्प्लेक्स के कॉन्फ्रेंस हॉल में हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस से संबंधित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा जोकि प्रिंसिपल सेंसस ऑफिसर भी हैं, की देखरेख में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन डायरेक्टरेट ऑफ सेंसस ऑपरेशंस, जम्मू-कश्मीर के सहयोग से किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान उपायुक्त ने जनगणना प्रक्रिया के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि चार्ज लेवल अधिकारियों और फील्ड फंक्शनरी के बीच बेहतर समन्वय से ही जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सकेगा। प्रशिक्षण सत्रों में डायरेक्टरेट ऑफ सेंसस ऑपरेशंस के अधिकारी जनगणना की प्रक्रिया, कर्मचारियों की भूमिका और जिम्मेदारियां, कानूनी प्रावधान, फंड प्रबंधन, मानव संसाधन योजना, जनजागरूकता गतिविधियां तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की जानकारी दे रहे हैं।

इसके अलावा प्रतिभागियों को सेंसस मैनेजमेंट एंड मॉनिटरिंग सिस्टम के उपयोग, यूजर रजिस्ट्रेशन और विभिन्न ऑपरेशनल मॉड्यूल्स के बारे में भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि जनगणना से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी और प्रबंधन प्रभावी ढंग से किया जा सके। कार्यक्रम में एडीसी विश्वजीत सिंह, जिला सांख्यिकी अधिकारी सिद्धार्थ आनंद, जिला सूचना अधिकारी शुभम सिंह, सहित तहसीलदार, कार्यकारी अधिकारी और जनगणना से जुड़े अन्य कर्मचारी भाग ले रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया