स्वतंत्रता दिवस से पहले पोस्टर अभियान, स्वच्छता का दिया संदेश
जम्मू, 06 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत चल रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में सरकारी डिग्री कॉलेज रामगढ़ की एनएसएस इकाई 'प्रभा' ने कॉलेज परिसर में पोस्टर पेस्टिंग अभियान आयोजित किया। अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और देशभक्ति के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना था। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. मीरू अबरोल तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्नोबर के समन्वय में आयोजित इस अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने परिसर के प्रमुख स्थानों पर प्रेरणादायक और जागरूकता संबंधी पोस्टर लगाए। पोस्टरों के माध्यम से सामुदायिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नागरिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका का संदेश दिया गया।
अभियान के बाद एनएसएस स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया। इस दौरान परिसर की सफाई कर विद्यार्थियों को स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा