जीडीसी कठुआ में कैंसर जागरूकता एवं विश्व विज्ञान दिवस पर पोस्टर-मॉडल प्रदर्शनी आयोजित
कठुआ, 06 नवंबर (हि.स.)। सरकारी डिग्री कॉलेज कठुआ के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस एवं विश्व शांति और विकास के लिए विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में पोस्टर एवं मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कैंसर जागरूकता, विज्ञान, शांति और सतत विकास जैसे विषयों पर आकर्षक पोस्टर एवं मॉडल प्रस्तुत किए।
कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मनोहर लाल ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देती हैं।
वहीं विभागाध्यक्ष डॉ. रुचिका शर्मा ने भी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा की। प्रदर्शनी का मूल्यांकन डॉ. शालिनी शर्मा, डॉ. राकेश जसरोटिया और प्रो. राज कुमारी ने किया। पोस्टर एवं मॉडल का चयन मौलिकता, वैज्ञानिक जानकारी, रचनात्मकता और प्रस्तुति के आधार पर किया गया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रो. निशा शर्मा, मोनिका कुमारी और तनुश्री शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया