पुंछ पुलिस ने खनिजों के अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ की बड़ी कार्रवाई
पुंछ, 17 जुलाई (हि.स.)। अवैध खनन और पर्यावरण नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अपनी लगातार चल रही मुहिम को आगे बढ़ाते हुए पुंछ जिला पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है।
सुरनकोट पुलिस स्टेशन द्वारा चलाए गए अलग-अलग अभियानों में पुलिस ने 10 वाहन और भारी मशीनें जब्त कीं ।
विश्वसनीय जानकारी के आधार पर खनिजों के अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सुरनकोट पुलिस स्टेशन की टीमों ने अपने अधिकार क्षेत्र में कई जगहों पर सघन चेकिंग और कार्रवाई अभियान चलाए।
इन अभियानों के दौरान अवैध खनन गतिविधियों (खासकर नदी के किनारों से) में कथित तौर पर शामिल होने के कारण कुल सात डंपर, एक टिपर, एक जेसीबी मशीन और एक पोकलेन चेन मशीन जब्त की गईं। जब्ती के तुरंत बाद कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई शुरू करने के लिए खनन विभाग को सूचित कर दिया गया।
अधिकारियों कहा कि अवैध खनन पर्यावरण, नदी के इकोसिस्टम और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के लिए गंभीर खतरा पैदा करता है। पुंछ जिला पुलिस ऐसी गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है और जिले भर में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए नियमित रूप से कार्रवाई अभियान चलाती रहेगी।
आम जनता से अपील की गई है कि वे अवैध खनन या किसी भी अन्य गैर-कानूनी गतिविधि की जानकारी नजदीकी पुलिस स्टेशन को देकर पुलिस का सहयोग करें ताकि तुरंत कानूनी कार्रवाई की जा सके
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह