राजनीतिक नेता आबिद हुसैन नेंगरू पर एसपीओ की नौकरी और यात्रा सेवा प्रदाता घोटाले का मामला दर्ज
अनंतनाग, 28 अगस्त (हि.स.)। अनंतनाग पुलिस ने एक लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है जिसमें श्री अमरनाथ जी यात्रा के दौरान पहलगाम में टेंट लगाने की अनुमति दिलाने और सरकारी नौकरी दिलाने के बहाने धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है।
खानाबल पुलिस चौकी को वहीद अहमद इटू पुत्र गुलाम नबी इटू निवासी हसन नूर, ऐशमुकाम जो वर्तमान में जीडीसी बॉयज़ हॉस्टल खानाबल में रह रहा हैं से एक लिखित शिकायत मिली। उन्होंने आरोप लगाया है कि आबिद हुसैन नेंगरू पुत्र गुलाम हसन नेंगरू निवासी क्रांडीगाम बिजबेहरा, अनंतनाग ने उसे धोखा दिया है।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने शिकायतकर्ता को यह कहकर बहकाया कि वह पुलिस विभाग में विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) के पद पर सरकारी नौकरी दिलवा सकता है और अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करके श्री अमरनाथ जी तीर्थयात्रियों के लिए पहलगाम में तंबू लगाने की अनुमति भी दिलवा सकता है।
शिकायतकर्ता ने आगे आरोप लगाया कि इन आश्वासनों और वादों के आधार पर उसने कुल 8,25,000 (आठ लाख पच्चीस हजार रुपये) की राशि हड़प ली। शिकायत का संज्ञान लेते हुए अनंतनाग पुलिस स्टेशन में धारा 318(4) और 351(3) बीएनएस के तहत एफआईआर संख्या 283/2026 दर्ज की गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता