रामसू पुलिस स्टेशन में चोरी का मामला सुलझा, नकदी बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

 

जम्मू, 22 फ़रवरी (हि.स.)।

रामबन पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303 के तहत दर्ज चोरी के मामले को सुलझा लिया है। यह मामला 17 फरवरी 2026 को रामसू पुलिस स्टेशन में एफआईआर संख्या 08/2026 के अंतर्गत दर्ज किया गया था। यह मामला शिकायतकर्ता मोहम्मद मुजफ्फर निवासी बतिभास की दुकान में हुई चोरी से संबंधित है।

चोरों ने खिड़की का शीशा तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और लगभग 70000-75000 रुपये नकद चुरा लिए। इस मामले की जांच पेशेवर तरीके से पीएसआई प्रिंस जसरोटिया द्वारा की जा रही है जो जांच अधिकारी हैं। वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूर्व-प्राप्त आंकड़ों के आधार पर की गई जांच के दौरान शबीर अहमद पुत्र अब्दुल सत्तार निवासी शगन, खारी और मुबारक अहमद पुत्र अब्दुल हामिद निवासी कूट, खारी नामक दो आरोपियों की पहचान की गई उन्हें पकड़ा गया और गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों के खुलासे पर एफआईआर दर्ज होने के 72 घंटों के भीतर ₹70,800 की चोरी की गई नकदी सफलतापूर्वक बरामद कर ली गई। बरामद नकदी को विधिवत कानूनी प्रक्रिया के अनुसार जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है। रामबन पुलिस अपने नागरिकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा के लिए त्वरित और प्रभावी पुलिसिंग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता