कठुआ में होटलों पर पुलिस की दबिश, रजिस्टर की जांच, कपल्स को चेतावनी देकर छोड़ा
कठुआ, 06 मार्च (हि.स.)। कठुआ शहर के शहीद कैप्टन सुनील चैधरी चैक के समीप स्थित एक निजी होटल सहित राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित कई होटलों में कठुआ पुलिस ने अचानक दबिश देकर जांच अभियान चलाया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक चली इस रेड के दौरान पुलिस ने होटल के कमरों और रजिस्टर की बारीकी से जांच की।
जांच के दौरान होटल में कुछ कपल मौजूद पाए गए। इनमें कुछ बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड के रूप में आए युवक-युवतियां भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार मौके पर मौजूद सभी युवक-युवतियां बालिग पाए गए। पुलिस ने होटल के रजिस्टर और रिकॉर्ड को भी खंगाला, लेकिन किसी भी तरह की आपत्तिजनक या अवैध गतिविधि सामने नहीं आने पर सभी को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। वहीं पुलिस ने होटल मालिक को भी सख्त हिदायत दी कि यदि भविष्य में होटल में किसी प्रकार की अश्लीलता या अवैध गतिविधि पाई गई तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसी बीच कठुआ पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित कई होटलों में भी दबिश दी और वहां के रजिस्टर व रिकॉर्ड की जांच की। पुलिस ने होटल मालिकों को निर्देश दिए कि वे मेहमानों की एंट्री सही तरीके से दर्ज करें और सभी सुरक्षा व कानूनी नियमों का सख्ती से पालन करें। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। करीब एक घंटे से ज्यादा चली इस कार्रवाई के बाद शहर में चर्चाओं का माहौल बन गया। सूत्रों के अनुसार होटल में मौजूद अधिकांश कपल बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड थे, जबकि कुछ स्थानीय लोग भी वहां मौजूद थे। हालांकि सभी के दस्तावेजों की जांच के बाद उन्हें आगे के लिए चेतावनी देकर जाने दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया