थाना दिवस में पुलिस ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, संवाद से मजबूत किया भरोसा

 


हीरानगर, 14 सितंबर (हि.स.)। जिला पुलिस कठुआ की ओर से पुलिस थाना हीरानगर के अंतर्गत पंचायत ढल्ली के बन्नू चक स्थित जसरोटिया पैलेस में थाना दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया जिसमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल रहे।

थाना दिवस के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और अपनी चिंताएं खुलकर रखीं।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम में एसपी ऑपरेशंस बृजेश शर्मा, एसडीपीओ करण कुमार, डीएसपी ऑपरेशंस पुष्पा तथा थाना प्रभारी हिरानगर विक्रम शर्मा मौजूद रहे।

अधिकारियों ने लोगों से पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी समय पर पुलिस तक पहुंचाने की अपील की। थाना दिवस का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत करना, स्थानीय समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना तथा पुलिस के प्रति लोगों के विश्वास को और अधिक मजबूत करना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया