अनंतनाग जिले के ब्राकपोरा इलाके से लापता हुई तीन नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने ढूंढ़ निकाला, तीनों सुरक्षित और स्वस्थ

 


श्रीनगर, 13 जून (हि.स.)। शनिवार को अनंतनाग पुलिस ने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के ब्राकपोरा इलाके से लापता हुई तीन नाबालिग लड़कियों का पता लगा लिया है। ब्राकपोरा के नुनवानी गांव की निवासी ये लड़कियां शुक्रवार शाम को लापता हो गईं थी जिससे उनके परिवारों और स्थानीय निवासियों में चिंता फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया और उनकी खोज के लिए टीमें गठित कीं। अनंतनाग पुलिस के अनुसार पुलिस टीमों के त्वरित और समन्वित प्रयासों से कुछ ही घंटों में तीनों नाबालिगों का पता लगा लिया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि तीनों लापता नाबालिग लड़कियों का पता लगा लिया गया है और वे सुरक्षित हैं। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें उनके परिवारों को सौंप दिया जाएगा। मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए और एसएसपी अनंतनाग की कड़ी निगरानी में कई पुलिस टीमें गठित की गईं और एक समन्वित तलाशी अभियान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि निरंतर प्रयासों, तकनीकी सहायता और जमीनी स्तर पर सत्यापन के माध्यम से पुलिस टीमों ने कुछ ही घंटों में तीनों लड़कियों का पता लगा लिया। तीनों लड़कियां सुरक्षित और स्वस्थ पाई गईं। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें उनके संबंधित कानूनी वारिसों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने कहा कि जमीनी स्तर पर मौजूद टीमों की त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वित कार्रवाई ने लड़कियों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता