आर.एस. पुरा में पुलिस ने जंगली भांग की फसल नष्ट की

 

जम्मू,, 22 जून (हि.स.)।

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जम्मू पुलिस ने आर.एस. पुरा के वार्ड नंबर 12 में विशेष भांग (कैनाबिस) उन्मूलन अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य नशीले पदार्थों की अवैध खेती और उनके दुरुपयोग पर रोक लगाना तथा नशा मुक्त समाज का संदेश फैलाना था। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में उगी जंगली भांग की फसलों को नष्ट किया। इस कार्रवाई में स्थानीय लोगों ने भी सक्रिय सहयोग किया और नशे के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश दिया।

पुलिस ने इस अवसर पर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया तथा अवैध खेती, तस्करी और नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़ी जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की। जिला पुलिस जम्मू ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत ऐसे प्रयास आगे भी जारी रखने का संकल्प दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता