कठुआ में चिट्टा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, दो स्थानों से 26 ग्राम हेरोइन बरामद
कठुआ, 07 मार्च (हि.स.)। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जम्मू-कश्मीर पुलिस कठुआ ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 26.46 ग्राम चिट्टा बरामद कर दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मढ़हीन क्षेत्र (पुलिस पोस्ट मढ़हीन थाना राजबाग) में नाका जांच के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। इस दौरान बाघ हुसैन पुत्र लाल दीन निवासी मुकंदपुर तहसील मढ़हीन के कब्जे से करीब 15.20 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस संबंध में थाना राजबाग में एफआईआर नंबर 61/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में हरियाचक क्षेत्र में पुलिस ने नाका जांच के दौरान हबीब दीन पुत्र रहीम अली निवासी दरांगपुर कोटपुन्नू तहसील मढ़हीन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 11.26 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इस मामले में एफआईआर नंबर 62/2026 दर्ज कर आगे की जांच जारी है। दोनों कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के समग्र पर्यवेक्षण में एसपी ऑप्स मुकुंद टिबरेवाल और एसडीपीओ बॉर्डर धीरज सिंह कटोच की निगरानी में पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने बरामद नशीला पदार्थ जब्त कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया