2.5 साल की गैरहाजिरी पड़ी भारी-कठुआ में पुलिस कांस्टेबल सेवा से बर्खास्त

 


कठुआ, 11 जुलाई (हि.स.)। कठुआ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा आईपीएस ने लंबी अवधि तक बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर एक पुलिस कांस्टेबल को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

जानकारी के अनुसार एसजीसीटी बच्चन शर्मा नंबर 469-के निवासी ढलोटी तहसील मढ़हीन जिला कठुआ वर्ष 2011 में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था और डीपीएल कठुआ में तैनात था। वह 10 नवंबर 2023 से बिना अनुमति ड्यूटी से गायब था। विभाग की ओर से कई नोटिस वायरलेस संदेश और समाचार पत्रों के माध्यम से सूचना देने के बावजूद वह ड्यूटी पर वापस नहीं लौटा। विभागीय जांच में उसे जानबूझकर लंबे समय तक अनुपस्थित रहने और अनुशासनहीनता का दोषी पाया गया। इसके बाद पुलिस नियमावली के तहत कार्रवाई करते हुए उसे 10 नवंबर 2023 से प्रभावी रूप से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। संबंधित कर्मचारी को सरकारी सामान जमा कराने और विभाग से एनडीसी प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं अन्यथा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया