एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त 25 वाहनों की नीलामी, पुलिस ने जुटाए 17.72 लाख

 


कठुआ, 20 जुलाई (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए वाहनों की सार्वजनिक नीलामी कर पारदर्शिता का उदाहरण पेश किया है।

जिला पुलिस कठुआ द्वारा सोमवार को जिला पुलिस लाइन कठुआ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 52-ए के तहत जब्त किए गए कुल 25 वाहनों की खुली बोली के माध्यम से नीलामी की गई। यह प्रक्रिया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कठुआ मोहिता शर्मा के समग्र पर्यवेक्षण में सम्पन्न हुई जिसमें डीएसपी डीएआर, डीएसपी मुख्यालय सहित जिला ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। इस पारदर्शी नीलामी प्रक्रिया से पुलिस को कुल 17,72,600 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। पूरी प्रक्रिया को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार निष्पादित किया गया जिससे जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित हुई।

कठुआ पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जब्त संपत्ति का समयबद्ध और कानूनी तरीके से निपटान भी उनकी प्राथमिकता है। इस प्रकार की पहल न केवल कानून व्यवस्था को मजबूत करती है बल्कि आम जनता के बीच न्याय प्रणाली के प्रति विश्वास को भी बढ़ाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया