2.33 करोड़ के नशे पर चला पुलिस का बुलडोजर-कठुआ पुलिस ने 175 किलो ड्रग्स जलाकर की नष्ट
कठुआ, 09 जुलाई (हि.स.)। नशे के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करते हुए कठुआ पुलिस ने गुरूवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 174.981 किलोग्राम मादक पदार्थों तथा 1,945 नशीली कैप्सूलध्गोलियों को नष्ट कर दिया। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 2,32,86,490 आंकी गई है।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 2.05 किलोग्राम हेरोइन, 1,036 कैप्सूल, 909 टैबलेट, 7.68 किलोग्राम गांजा, 162.649 किलोग्राम पोस्त (पॉपी स्ट्रॉ), 2.126 किलोग्राम चरस तथा 482 ग्राम अफीम शामिल है। यह कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस के नेतृत्व में, सक्षम प्राधिकारी की अनुमति और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई। मादक पदार्थों को पुलिस स्टेशन रामगढ़ जिला सांबा के अधिकार क्षेत्र में स्थित एमध्एस अनमोल हेल्थकेयर रारा में स्वीकृत इन्सिनरेशन सुविधा में समिति सदस्यों की मौजूदगी में जलाकर नष्ट किया गया। जानकारी के अनुसार ये सभी मादक पदार्थ 43 अलग-अलग एनडीपीएस मामलों से संबंधित थे जिन्हें कठुआ जिले के विभिन्न पुलिस मालखानों में सुरक्षित रखा गया था। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इनका निस्तारण किया गया। इस मौके पर एसएसपी मोहिता शर्मा ने कहा कि कठुआ पुलिस नशे के खिलाफ अपनी मुहिम को पूरी सख्ती के साथ जारी रखेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्रग तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध तरीके से कानून के अनुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया