श्रीनगर जेल से फरार हुए पॉस्को के आरोपी तीन दिन बाद गिरफ्तार

 

श्रीनगर, 26 अगस्त (हि.स.)। श्रीनगर की केंद्रीय जेल से फरार हुए पॉस्को के अलग-अलग मामलों में आरोपी दो व्यक्तियों को पुलिस ने तीन दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि आरोपी 23 अगस्त को जेल से फरार हो गए थे जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने के लिए तुरंत अभियान शुरू किया। आरोपियों की पहचान मुख्तार अहमद गुज्जर पुत्र मोहम्मद रफीक गुज्जर निवासी संगलान चित्तरगुल अनंतनाग और फरमान खान पुत्र अब्दुल गनी खान निवासी सदानपोरा राजस्थान के रूप में हुई है।

मुख्तार पर पुलिस स्टेशन सौरा में दर्ज एफआईआर संख्या 20/2026 में बीएनएस की धारा 137(2) और 65(1) तथा पॉस्को अधिनियम की धारा 3/4 के तहत आरोप लगाया गया है जबकि फरमान खान पुलिस स्टेशन लार में दर्ज एफआईआर संख्या 19/2026 में बीएनएस की धारा 137(2) और 87 तथा पॉस्को अधिनियम की धारा 3/4 के तहत वांछित है।

अधिकारी ने बताया कि उनके भागने की परिस्थितियों की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता