अभिनव थियेटर में बहुप्रतीक्षित ‘आप हमारे हैं कौन’ नाटक का होगा मंचन
जम्मू, 04 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण आने वाला है, जब पद्मश्री सम्मानित रंगकर्मी बलवंत ठाकुर द्वारा लिखित व निर्देशित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयनित नाट्य प्रस्तुति ‘आप हमारे हैं कौन’ का मंचन अभिनव थियेटर, जम्मू में 6, 7 और 9 फरवरी 2026 को सायं 5 बजे किया जाएगा। ये विशेष प्रस्तुतियाँ दिल्ली में आयोजित होने वाले विश्व के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय रंगमंच महोत्सव में प्रस्तुति से पूर्व जम्मू के दर्शकों के लिए समर्पित की गई हैं। इस नाटक का अंतरराष्ट्रीय रंगमंच महोत्सव के लिए चयन जम्मू के थिएटर आंदोलन के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है जिससे स्थानीय युवा कलाकारों को वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। दर्शकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इन सभी प्रस्तुतियों का प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है।
पद्मश्री बलवंत ठाकुर ने इस अवसर को जम्मू के लिए एक सांस्कृतिक उत्सव बताते हुए आम जनता से अपील की कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर युवा कलाकारों का उत्साहवर्धन करें। उन्होंने विशेष रूप से अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को यह नाटक दिखाने अवश्य लाएं क्योंकि जम्मू में बच्चों और युवा मन को केंद्र में रखकर तैयार किया गया गुणवत्तापूर्ण रंगमंच बहुत कम देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि रंगमंच केवल कलाकारों को ही नहीं, बल्कि दर्शकों को भी गहराई से प्रभावित करता है। मोबाइल फोन और डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव के दौर में यह नाटक बच्चों और युवाओं के लिए रचनात्मक, संवेदनशील और बौद्धिक विकास का एक सशक्त माध्यम प्रस्तुत करता है।
‘आप हमारे हैं कौन’ का मंचन जम्मू के नागरिकों के लिए लाइव थिएटर से दोबारा जुड़ने, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और आने वाली पीढ़ी के सांस्कृतिक विकास में निवेश करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। यह आयोजन कला, युवा सशक्तिकरण और सांस्कृतिक गौरव का सशक्त संगम है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा