पीडीपी के पारा ने महबूबा पर 'आतंकवादी' वाली टिप्पणी को लेकर गिरिराज सिंह पर साधा निशाना
श्रीनगर, 5 अगस्त(हि.स.)। पीडीपी नेता वहीद पारा ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को आतंकवादी कहने को अत्यंत आपत्तिजनक और गैरजिम्मेदाराना बताया।
पारा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को 'आतंकवादी' कहना गिरिराज सिंह की टिप्पणी अत्यंत आपत्तिजनक गैरजिम्मेदाराना और एक केंद्रीय मंत्री की गरिमा के विरुद्ध है।
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और एक वरिष्ठ मुस्लिम महिला नेता के खिलाफ ऐसी भाषा का प्रयोग केवल पूर्वाग्रह और राजनीतिक असहिष्णुता को दर्शाता है।
वह सिंह की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें उन्होंने कहा था कि पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख मुफ्ती एक आतंकवादी हैं क्योंकि उन्होंने हमेशा आतंकवादियों का समर्थन किया है। सिंह ने यह भी दावा किया कि भाजपा ने पीडीपी के साथ गठबंधन के दौरान मुफ्ती को सुधारने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि चूंकि कोई सुधार नहीं हुआ इसलिए हमने उन्हें जाने दिया।
पारा ने कहा कि सिंह की टिप्पणी उनकी राजनीतिक स्थिति के बजाय उनकी मानसिकता को दर्शाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता