पीडीपी मुख्यालय गांधी नगर में अंबेडकर जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई

 

जम्मू,, 14 अप्रैल (हि.स.)।

जम्मू के गांधी नगर स्थित पीडीपी मुख्यालय में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में पीडीपी नेता राजिंदर सिंह मनहास, विक्की डोगरा, के. के. शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और समाज सुधार में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को समानता, शिक्षा और मौलिक अधिकारों का मजबूत आधार दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हर व्यक्ति को न्याय, समानता और भाईचारे की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने और समाज में भाईचारा, समानता एवं सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता