10 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

 




बडगाम, 11 सितंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बडगाम जिले के खांसाहब तहसील क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए फर्द जारी करने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

एसीबी के अनुसार गुंद अली नायक, वतररेहल निवासी शिकायतकर्ता ने अपने दादा के नाम पर फर्द जारी करवाने के लिए 21 जुलाई 2026 को ऑनलाइन आवेदन किया था। संबंधित पटवारी बशीर अहमद डार ने कथित तौर पर फर्द जारी करने के बदले पहले 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जिसे बातचीत के बाद 10 हजार रुपये में तय किया गया। शिकायत मिलने पर एसीबी ने आरोपों का सत्यापन किया जिसके बाद पुलिस थाना एसीबी श्रीनगर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत एफआईआर नंबर 14/2026 दर्ज की गई। इसके बाद गठित ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए पटवारी बशीर अहमद डार को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। रिश्वत की रकम स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बरामद की गई और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया