पहाड़ी यूथ क्लब ने जम्मू में पत्रकारवार्ता कर एनजीओ के गठन का उद्देश्य बताया
जम्मू,, 10 अगस्त (हि.स.)।
जम्मू में पहाड़ी यूथ क्लब की ओर से पत्रकारवार्ता आयोजित कर एनजीओ के गठन के उद्देश्य और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। क्लब के प्रतिनिधियों ने कहा कि संगठन का मुख्य मकसद युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए खेल गतिविधियों से जोड़ना है।
पत्रकारवार्ता में क्लब के सदस्यों ने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशे से बचाना एक बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पहाड़ी यूथ क्लब युवाओं को विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपना सकें।
क्लब ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन के सहयोग से खेल गतिविधियों और अन्य सकारात्मक कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा। संगठन का प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक युवाओं को खेल मैदानों से जोड़ा जाए और उन्हें अपनी ऊर्जा व प्रतिभा के बेहतर इस्तेमाल का अवसर मिले।
पहाड़ी यूथ क्लब के प्रतिनिधियों ने कहा कि खेल युवाओं को न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। क्लब का उद्देश्य युवाओं को सही दिशा देकर उन्हें समाज और राष्ट्र के निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।
क्लब ने युवाओं, अभिभावकों और प्रशासन से इस मुहिम में सहयोग देने की अपील की, ताकि मिलकर नशे के खिलाफ प्रभावी माहौल तैयार किया जा सके और युवाओं के लिए स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता