पहले दो दिनों में 26,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने श्री अमरनाथ गुफा मंदिर में किए दर्शन: संभागीय आयुक्त कश्मीर
श्रीनगर, 04 जुलाई (हि.स.)।संभागीय आयुक्त कश्मीर अंशुल गर्ग ने शनिवार को बताया कि वार्षिक तीर्थयात्रा के पहले दो दिनों में 26,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन किए।
आईजीपी कश्मीर वी.के. बर्डी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए गर्ग ने कहा कि पहलगाम और बालटाल के दोहरे मार्गों से 3 जुलाई को शुरू हुई यह यात्रा सुचारू रूप से चल रही है और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है।
पत्रकारों से बात करते हुए गर्ग ने कहा कि सुरक्षित और आरामदायक तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के लिए आवास, स्वास्थ्य सेवा, पेयजल, विश्राम स्थल, आपदा प्रबंधन दल और यात्रा मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था सहित पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन यात्रा के लिए सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित क्षमता का सख्ती से पालन कर रहा है। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 15 अप्रैल से शुरू हो गया था और सभी अनिवार्य औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद पंजीकृत तीर्थयात्रियों को सुविधा प्रदान की जा रही है।
हालांकि गर्ग ने बताया कि कई श्रद्धालु बिना पूर्व पंजीकरण के जम्मू और कश्मीर पहुंच गए हैं जिससे असुविधा हो रही है। उन्होंने ऐसे तीर्थयात्रियों से अपनी बारी का इंतजार करने का आग्रह किया और दोहराया कि केवल उन्हीं तीर्थयात्रियों को तीर्थयात्रा करने की अनुमति दी जाएगी जिनके पास उनकी आवंटित तिथि के लिए वैध पंजीकरण होगा।
उन्होंने आगे कहा कि तत्काल कोटा सीमित है और पंजीकृत तीर्थयात्रियों के न पहुंचने से खाली हुई जगहों के आधार पर ही दिया जाएगा। मंडल आयुक्त ने निर्धारित तिथियों से पहले जम्मू और कश्मीर पहुंच चुके तीर्थयात्रियों से भी अपील की कि वे सुचारू प्रबंधन सुनिश्चित करने और भीड़भाड़ से बचने के लिए केवल अपनी आवंटित तिथियों पर ही यात्रा करें। उन्होंने आगामी दिनों में तीर्थयात्रा करने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं को असुविधा से बचने के लिए समय रहते ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी।
गर्ग ने कहा कि प्रशासन श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड और अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से सभी श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुगम और परेशानी मुक्त तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता