अंतर-जोनल जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
जम्मू, 24 जून (हि.स.)। युवा सेवा एवं खेल विभाग डोडा द्वारा आयोजित अंतर-जोनल जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता बुधवार को भी उत्साहपूर्वक जारी रही। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी (डीवाईएसएसओ) अशोक कुमार की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता में जिले भर से 180 से अधिक छात्राओं ने अंडर-19 वर्ग की खो-खो और शतरंज प्रतियोगिताओं में भाग लिया। खो-खो प्रतियोगिता में गंडना जोन की टीम ने शानदार टीमवर्क, गति और रणनीतिक खेल का प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। वहीं घाट जोन की टीम उपविजेता रही।
शतरंज प्रतियोगिता में भगवाह जोन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया जबकि डोडा जोन को उपविजेता घोषित किया गया।
इस अवसर पर डीवाईएसएसओ अशोक कुमार ने खिलाड़ियों, तकनीकी अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा