मॉडल युवा संसद का आयोजन, विद्यार्थियों ने पारित किया शिक्षा एवं आजीविका विधेयक
हीरानगर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। राजकीय जीएलडीएम डिग्री कॉलेज हीरानगर के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की ओर से मॉडल युवा संसद का आयोजन किया गया इसमें 23 विद्यार्थियों ने भाग लेकर संसदीय कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. प्रज्ञा खन्ना मुख्य अतिथि रहीं। विद्यार्थियों ने लोकसभा की कार्यवाही का मंचन करते हुए तीन वाचन के बाद शिक्षा एवं आजीविका का अधिकार विधेयक-2026 पारित किया। शवी शर्मा ने लोकसभा अध्यक्ष जबकि मोक्ष ने राष्ट्रपति की भूमिका निभाई। जूरी में प्रो. करण मैनी, प्रो. विजेता आनंद और डॉ. पुयेश कांत शर्मा शामिल रहे।
प्रतियोगिता में जतिन मगोत्रा ने प्रथम, प्रिंस बालोत्रा ने द्वितीय और अंकिता शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका प्रभावशाली ढंग से निभाने के लिए शवी शर्मा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. प्रज्ञा खन्ना ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में संवैधानिक समझ, नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
विजेताओं को स्मृति चिह्न तथा सभी प्रतिभागियों को पदक एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में ईएलसी के सह-समन्वयक डॉ. विजय कुमार ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया