31 मार्च तक मौका-पीडीडी अमनेस्टी स्कीम से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, सिर्फ मूल राशि जमा कर निपटाएं बकाया बिल
कठुआ, 23 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में पावर डेवलपमेंट डिपार्टमेंट द्वारा लागू की गई अमनेस्टी स्कीम बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। इस योजना के तहत उपभोक्ता अपने पुराने लंबित बिजली बिलों पर लगने वाले ब्याज से छूट प्राप्त कर केवल मूल राशि जमा कर बकाया का निपटारा कर सकते हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यह विशेष योजना 31 मार्च तक ही प्रभावी रहेगी, जिसके चलते उपभोक्ताओं के पास सीमित समय है। कार्यकारी अभियंता कठुआ ने बताया कि स्कीम का मुख्य उद्देश्य लंबित बकाया की वसूली बढ़ाना और उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत प्रदान करना है। इस योजना में मुख्य रूप से घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं को शामिल किया गया है। साथ ही, जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बकाया के कारण काट दिए गए थे, वे भी राशि जमा कर अपने कनेक्शन को दोबारा बहाल करवा सकते हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए जल्द से जल्द योजना का लाभ उठाएं। विभाग का मानना है कि इस पहल से जहां राजस्व वसूली में सुधार होगा, वहीं बिजली आपूर्ति व्यवस्था को भी और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया