बनिहाल-बडगाम-बारामूला खंड पर चलने वाली तीन यात्री ट्रेनों का संचालन 14 अगस्त, 2026 तक स्थगित
बनिहाल, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तरी रेलवे ने निर्धारित पटरी रखरखाव कार्यों के जारी रहने के मद्देनजर बनिहाल-बडगाम-बारामूला खंड पर चलने वाली तीन यात्री ट्रेनों का संचालन 14 अगस्त, 2026 तक स्थगित कर दिया है।
संभागीय रेलवे प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय द्वारा जारी एक नए नोटिस के अनुसार बनिहाल-बारामूला खंड में लंबी वेल्डेड रेल (एलडब्ल्यूआर) के पूर्व-बीसीएम उच्च-तापमान तनाव-मुक्त करने के लिए पहले से निलंबित की गई ट्रेनें 31 जुलाई से 14 अगस्त (जेसीओ) तक रद्द रहेंगी। इनमें ट्रेन संख्या 74615: बनिहाल-बारामूला, ट्रेन संख्या 74632 बारामूला-बडगाम और ट्रेन संख्या 74628 बडगाम-बनिहाल शामिल हैं। इस विस्तार का अर्थ है कि सुबह 10:50 बजे चलने वाली बनिहाल-बारामूला यात्री ट्रेन जो बनिहाल और कश्मीर घाटी के विभिन्न स्टेशनों के बीच यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों, छात्रों और कार्यालय जाने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सेवा है विस्तारित अवधि के दौरान निलंबित रहेगी।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यह विस्तार नियोजित ट्रैक रखरखाव और रेल डीस्ट्रेसिंग कार्यों को पूरा करने के लिए आवश्यक है जिसका उद्देश्य ट्रेन संचालन की सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था करें और अपनी यात्रा शुरू करने से पहले नवीनतम ट्रेन समय सारिणी की जांच कर लें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता