कठुआ में ट्रैफिक को लेकर बड़ा फैसला, शहीदी चाैक से मुखर्जी चैक तक वन-वे व्यवस्था लागू
कठुआ, 04 नवंबर (हि.स.)। त्योहारों के मद्देनजर जिला प्रशासन कठुआ ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अहम आदेश जारी किया है। जिला मजिस्ट्रेट कठुआ द्वारा जारी आदेश के अनुसार शहीदी चौक से मुखर्जी चौक की ओर वाहनों की आवाजाही अब केवल वन-वे रहेगी।
यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है और 12 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी।
प्रशासन का कहना है कि यह कदम त्योहारों के दौरान ट्रैफिक जाम से बचने और सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। आदेश में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कठुआ और जिला ट्रैफिक इंस्पेक्टर को निर्देश दिए गए हैं कि वे तय प्वाइंटों पर ट्रैफिक नियमन के लिए जरूरी इंतजाम करें और आदेश का सख्ती से पालन करवाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सहयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया