महिला सप्ताह पर जीडीसी बनी में आंतरिक खेलों का आयोजन, छात्राओं ने दिखाई खेल प्रतिभा
कठुआ, 05 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के उपलक्ष्य में गिव टू गेन थीम के तहत 02 से 08 मार्च तक आयोजित महिला सप्ताह कार्यक्रमों की श्रृंखला में गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बनी के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा वॉलीबॉल और क्रिकेट में इंट्राम्यूरल मैचों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज की प्राचार्या प्रो.(डॉ.) नीना गुप्ता ने किया। इस अवसर पर प्रो. नसीब भगत (एचओडी ईवीएस), डॉ. जे.एस. सूदान (फिजिकल डायरेक्टरध्च्ज्प्), डॉ. रेशम सिंह, प्रो. आकाश जुत्सी सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे। आंतरिक खेल आयोजन का उद्देश्य उन छात्राओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना था, जो शारीरिक रूप से सक्षम होने के बावजूद खेलों में भाग नहीं लेतीं, साथ ही कॉलेज में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना भी रहा। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. जे.एस. सूदान ने किया। पुरुष वर्ग के टी-10 क्रिकेट मुकाबले में फिजिकल एजुकेशन विभाग ने साइंस विभाग को 7 विकेट से हराया। महिला वर्ग के वॉलीबॉल मैच में सानिया मिर्जा टीम ने पी.टी. उषा टीम को 9 अंकों से पराजित किया। खेलों के दौरान ब्लॉक मेडिकल ऑफिस बनी की टीम ने चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई, जिसमें डॉ. शीतल कलोत्रा सहित मेडिकल स्टाफ शामिल रहा। प्राचार्या प्रो.(डॉ.) नीना गुप्ता ने खेलों के सफल आयोजन पर शारीरिक शिक्षा विभाग की सराहना की और छात्राओं को जीवन में नेतृत्व गुण विकसित कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफियां शीघ्र ही प्रदान की जाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया