कारगिल विजय दिवस पर कांग्रेस ने बलिदान स्तंभ पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

 


जम्मू, 26 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जम्मू स्थित बलिदान स्तंभ पर जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया और उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखा।

इस अवसर पर रमन भल्ला ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का त्याग आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का नैतिक दायित्व है।

पूर्व मंत्री एवं डीसीसी जम्मू अर्बन के अध्यक्ष योगेश साहनी ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों ने कठिन परिस्थितियों में असाधारण साहस का परिचय देकर भारतीय सेना की वीरता का परिचय पूरी दुनिया को कराया।

उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। जेकेपीसीसी के महासचिव सतीश शर्मा ने कहा कि कारगिल के शहीदों का बलिदान देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए सभी नागरिकों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व मंत्री योगेश साहनी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह, सेवा दल के प्रमुख विजय शर्मा, जतिंदर सिंह चिब, संजीव कटाल, लतीश शर्मा, शाहिल सगोतरा, सोइत शर्मा, हैप्पी रंधावा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने शहीदों की स्मृति में मौन रखकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा