आधार केंद्रों की पेंडेंसी जल्द निपटाएं अधिकारी-महिमा मदान
कठुआ, 08 सितंबर (हि.स.)। अतिरिक्त उपायुक्त कठुआ महिमा मदान ने मंगलवार को डीसी कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में जिला स्तरीय आधार मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिले में आधार नामांकन एवं अपडेट सेवाओं की समीक्षा की।
बैठक में सभी आयु वर्गों में आधार कवरेज बढ़ाने और बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पर विस्तार से चर्चा हुई। एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को आधार जनरेशन से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने तथा सभी आधार केंद्रों को नियमित रूप से चालू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पांच और 15 वर्ष की आयु पूरी करने वाले बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों पर सीएलईसी ऑपरेटरों की तैनाती, स्कूलों में आधार शिविर लगाने तथा जन्म-मृत्यु के समय पर पंजीकरण के जरिए छूटे हुए लोगों को आधार से जोड़ने के उपायों पर भी चर्चा हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया