स्वाद की क्लास से अब कॉलेज में मिलेगा पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन

 


हीरानगर, 26 सितंबर (हि.स.)। सरकारी जीएलडीएम डिग्री कॉलेज हीरानगर में कॉलेज की नई कैंटीन स्वाद की क्लास का औपचारिक उद्घाटन कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रज्ञा खन्ना ने किया। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी मौजूद रहे।

कैंटीन का संचालन कृष्णा महिला स्वयं सहायता समूह पथवाल द्वारा किया जाएगा। इससे स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को संस्थागत स्तर पर अपनी सेवाएं देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था में योगदान करने का अवसर मिलेगा। कैंटीन में विद्यार्थियों और स्टाफ के लिए किफायती, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है। विद्यार्थियों में स्वस्थ खान-पान की आदतों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कैंटीन में रागी आटे से तैयार खाद्य पदार्थों को भी शामिल किया गया है। प्राचार्य डॉ. प्रज्ञा खन्ना ने इस पहल के लिए कॉलेज कैंटीन समिति को बधाई देते हुए विद्यार्थियों से कैंटीन सुविधा का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की।

उन्होंने विद्यार्थियों को भोजन की बर्बादी से बचने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार को प्राथमिकता देने तथा कॉलेज परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया। स्वाद की क्लास की शुरुआत को कॉलेज में विद्यार्थी कल्याण सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ स्वस्थ खान-पान और महिला स्व-सहायता समूहों के उद्यम को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया। इस अवसर पर प्रो. राकेश शर्मा, प्रो. अमित कुमार शर्मा, प्रो. शिवानी सलाथिया, प्रो. अमित सिंह, प्रो. सुरिंदर कुमार, डॉ. रितु देवी, हरजीत कौर और राजेश्वर सिंह उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया