एनएसयूआई ने नीट और सीबीएसई ओएसएम घोटाले के खिलाफ किया प्रदर्शन
जम्मू, 31 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) ने प्रदेश अध्यक्ष अजय लखोत्रा के नेतृत्व में कटड़ा में एक महत्वपूर्ण छात्र सम्मेलन आयोजित कर कथित नीट और सीबीएसई ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) घोटालों के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। सम्मेलन में छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
सभा को संबोधित करते हुए अजय लखोत्रा ने कहा कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, अनियमितताओं, ग्रेस मार्क्स और परिणामों में गड़बड़ियों ने लाखों मेधावी छात्रों के सपनों को प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षाओं में से एक की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली को लेकर भी छात्रों और अभिभावकों ने मूल्यांकन में पारदर्शिता की कमी, तकनीकी खामियों और अंकन में असंगतियों की शिकायतें उठाई हैं।
लखोत्रा ने कहा कि ये मामले केवल प्रशासनिक त्रुटियां नहीं बल्कि देश के युवाओं के विश्वास से जुड़ा गंभीर विषय हैं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और छात्रों को न्याय मिलने तक अपना संघर्ष जारी रखेगी। इस अवसर पर युवा नेता विक्रम आदित्य सिंह ने औपचारिक रूप से एनएसयूआई की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने संगठन में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एनएसयूआई हमेशा छात्र हितों की लड़ाई में अग्रणी रही है और वह शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
अजय लखोत्रा ने संगठन में शामिल हुए नए सदस्यों का स्वागत करते हुए युवाओं से एकजुट रहने और योग्यता आधारित एवं पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था के लिए आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। सम्मेलन में एनएसयूआई सचिव शील कुमार, राहुल शर्मा, राघवेंद्र, अभय, अली तथा एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा