जीडीसी मढ़हीन में एनएसएस स्वयंसेवक यश देव सिंह का सम्मान

 


कठुआ, 08 जून (हि.स.)। सरकारी डिग्री कॉलेज मढ़हीन की एनएसएस इकाई द्वारा सोमवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें वरिष्ठ एनएसएस स्वयंसेवक यश देव सिंह को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें हाल ही में प्रतिष्ठित वाइस-चांसलर प्रशंसा प्रमाण पत्र से नवाजा गया है।

कार्यक्रम कॉलेज की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अनुपमा गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने यश देव सिंह की समर्पण भावना और सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय एनएसएस शिविरों के साथ-साथ गोद लिए गए गांव मढ़हीन में आयोजित 7 दिवसीय शीतकालीन शिविरों में उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी सेवाओं के लिए उन्हें मढ़हीन के सरपंच द्वारा प्रशंसा पत्र भी प्राप्त हुए हैं। प्राचार्य ने उन्हें एक मेहनती और गंभीर स्वयंसेवक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह सम्मान समारोह अन्य एनएसएस स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना जिससे उनमें सामाजिक सेवा के प्रति और अधिक जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हुई। कार्यक्रम का सफल संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरुण देव सिंह के नेतृत्व में किया गया जिसमें डॉ. बलबिंदर सिंह और डॉ. मुनीषा देवी का भी सहयोग रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया