एनएसएस यूनिट जीडीसी बसोहली ने किया स्कूल दौरा, नुक्कड़ नाटक से दिया नशा मुक्ति का संदेश

 


कठुआ/बसोहली, 23 फरवरी (हि.स.)। जीडीसी बसोहली की एनएसएस यूनिट ने 7-दिवसीय शीतकालीन विशेष शिविर 2026 के तहत सरकारी यूपीएस बारला चैगान (प्लाही) का शैक्षणिक दौरा किया तथा बस स्टैंड बसोहली में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशा मुक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।

इस दौरान स्वयंसेवकों ने विद्यालय के विद्यार्थियों और स्टाफ से संवाद कर स्वच्छता, स्वास्थ्य, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जागरूक किया। साथ ही बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित कर उन्हें सकारात्मक मूल्यों को अपनाने और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। बाद में बस स्टैंड पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक में नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाते हुए लोगों से नशा मुक्त भारत के निर्माण में सहयोग की अपील की गई। इस प्रस्तुति को स्थानीय लोगों, दुकानदारों और यात्रियों ने सराहा। यह कार्यक्रम प्राचार्य प्रो. राज किरण शर्मा के मार्गदर्शन तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोशन लाल, डॉ. विरिंदर सिंह और प्रो. विशाल शर्मा की देखरेख में आयोजित किया गया। एनएसएस यूनिट ने अपने आदर्श “नाट मी बट यू” के अनुरूप समाज सेवा और युवा सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया